World

40 मिनट में 8 बार कांपी चीन की धरती, 6.3 तीव्रता के भूकंप से दहशत; एक की मौत

चीन के उत्तर-पश्चिमी किंघाई प्रांत में मंगलवार शाम महज 40 मिनट के भीतर आए भूकंप के आठ लगातार झटकों ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया। इनमें सबसे शक्तिशाली झटके की तीव्रता 6.3 दर्ज की गई, जबकि भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार पहला झटका शाम 6:40 बजे महसूस किया गया। इसके बाद कुछ ही समय में सात और झटके आए, जिससे प्रभावित क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप का केंद्र किंघाई प्रांत की राजधानी शिनिंग से करीब 567 किलोमीटर दूर बताया गया है।

प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक इस प्राकृतिक आपदा में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी अलर्ट जारी करते हुए राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर आसपास की कोयला खदानों में काम कर रहे श्रमिकों को भी सुरक्षित स्थानों पर वापस बुला लिया गया है। nस्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल पर विशेष बचाव दल भेजे हैं, जिनमें आपातकालीन वाहन और प्रशिक्षित कर्मी शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि जान-माल के नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन भी तैनात किए जाएंगे।

भूवैज्ञानिकों के अनुसार किंघाई प्रांत तिब्बती पठार के किनारे स्थित है और भारतीय तथा यूरेशियन विवर्तनिक प्लेटों के टकराव के कारण यह क्षेत्र भूकंपीय गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता है। इसी वजह से यहां समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं, लेकिन इतने कम समय में लगातार आठ झटकों ने चिंता बढ़ा दी है। इस बीच जापान के इबाराकी प्रांत में भी 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, हालांकि वहां किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।