जर्मनी की राजधानी बर्लिन के मित्ते जिले में गुरुवार देर शाम एक बड़ा खतरा सामने आया, जब स्प्री नदी की गहराई में दबा द्वितीय विश्व युद्ध का एक ज़िंदा बम बरामद हुआ. यह बम करीब 80 साल पुराना था और अभी तक नहीं फटा था. जैसे ही बम मिलने की जानकारी मिली, पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा बनाते हुए करीब 500 मीटर के दायरे को खाली करा दिया और 10,000 से ज्यादा लोगों को तत्काल घर छोड़ने का निर्देश दिया.
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, भारी पुलिस बल ने घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. कई निवासियों को मित्ते टाउनहॉल और नजदीकी स्कूलों में बनाए गए अस्थायी शेल्टर में शरण लेनी पड़ी. चूंकि यह इलाका कई सरकारी दफ्तरों और विदेशी दूतावासों का केंद्र है, इसलिए सुरक्षा बेहद कड़ी रही.
बम लगभग 4 मीटर गहराई में कीचड़ में दबा हुआ था, जिससे उसे निकालने में कठिनाई हुई. सौभाग्य से, शुक्रवार सुबह अधिकारियों ने पुष्टि की कि बम को निष्क्रिय करने की ज़रूरत नहीं है. जैसे ही स्थिति सामान्य हुई, लोगों को घर लौटने की अनुमति दी गई और मेट्रो, सड़क यातायात व नदी यातायात बहाल कर दिए गए. इस बीच, बर्लिन के स्पानडाउ इलाके में मिला एक और WWII बम आज निष्क्रिय किया जाएगा, जहां से 12,400 लोगों को पहले ही हटा लिया गया है.









