भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर का जबरदस्त दबदबा देखने को मिल रहा है। रिलीज के बाद से ही फिल्म रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़ रही है और मौजूदा रफ्तार को देखते हुए यह साफ संकेत दे रही है कि रणवीर सिंह अब शाहरुख खान और प्रभास जैसे मेगा स्टार्स के खास क्लब में शामिल होने जा रहे हैं। मजबूत ओपनिंग के बाद फिल्म ने दूसरे हफ्ते में भी शानदार पकड़ बनाए रखी है और 13 दिनों में कई बड़े बॉक्स ऑफिस मील के पत्थर पार कर लिए हैं।
अब तक धुरंधर का भारत में नेट कलेक्शन ₹437.25 करोड़, ग्रॉस ₹524.5 करोड़ और ओवरसीज से ₹150 करोड़ हो चुका है। इस तरह फिल्म का 13 दिनों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹674.5 करोड़ तक पहुंच गया है। दूसरे गुरुवार यानी 14वें दिन फिल्म ने भारत में लगभग ₹23 करोड़ की कमाई की, जिससे ग्लोबल कलेक्शन ₹700 करोड़ के करीब पहुंच गया।
आने वाले दिनों में किसी बड़ी फिल्म से टक्कर न होने के चलते धुरंधर का ₹1000 करोड़ क्लब में शामिल होना लगभग तय माना जा रहा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि फिल्म वीकेंड तक ₹800 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी। आदित्य धर निर्देशित इस फिल्म में अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन और संजय दत्त जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में हैं। अब सबकी निगाहें धुरंधर 2 पर टिकी हैं, जो ईद 2026 पर रिलीज होगी।









