National

इस्तीफे के बाद पहली बार संसद पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, NDA सांसदों ने किया जोरदार स्वागत

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद धर्मेंद्र प्रधान सोमवार को पहली बार संसद पहुंचे। संसद भवन के मकर द्वार पर एनडीए सांसदों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और “धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद” के नारे लगाकर उनके प्रति समर्थन जताया। प्रधान के संसद पहुंचने के दौरान वहां का माहौल राजनीतिक गतिविधियों से काफी गर्म रहा।

दूसरी ओर, मकर द्वार के पास कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी दलों के सांसद प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्ष 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जवाबदेही की मांग कर रहा है। इस दौरान प्रियंका गांधी ने छात्रों के खिलाफ दर्ज की जा रही एफआईआर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि ऐसी कार्रवाई अब भी जारी है, तो सरकार को इस पर स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण सुचारू रूप से नहीं चल सकी। लगातार विरोध के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

इसी बीच, पेपर लीक रोकने संबंधी कानून में संशोधन का विधेयक लोकसभा में पेश किए जाने की संभावना जताई गई। गौरतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान ने पिछले सप्ताह शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उनके इस्तीफे के बाद छात्रों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संगठन और केंद्र सरकार के बीच हुई वार्ता में सहमति बनने पर आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया गया।