National

दिल्ली ब्लास्ट: जैश की महिला कमांडर समेत कई डॉक्टर गिरफ्तार, हथियार और जिंदा कारतूस बरामद

दिल्ली में हाल ही में हुए ब्लास्ट के सिलसिले में देशभर से कई डॉक्टरों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि इस आतंकवादी वारदात में डॉ. उमर का हाथ हो सकता है। इसी कड़ी में फरीदाबाद से महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, शाहीन जैश-ए-मोहम्मद की महिला ब्रिगेड “जमात-उल-मोमिनात” की कमांडर थी, जो भारत में महिलाओं को मनोवैज्ञानिक युद्ध, प्रचार और फंडिंग जैसे कार्यों में शामिल कर रही थी।

शाहीन की कार से राइफल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बताया गया है कि विस्फोटक सामग्री भी इसी महिला डॉक्टर की कार द्वारा इस्तेमाल की जा रही थी। शाहीन लखनऊ के लाल बाग की रहने वाली है और फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में कार्यरत है। जांच में यह भी पता चला कि वह जैश-ए-मोहम्मद के हेड मसूद अजहर की बहन सहीदा अज़हर के संपर्क में थी और उनके निर्देश पर भारत में महिला आतंकियों की ट्रेनिंग दे रही थी।

दिल्ली ब्लास्ट के बाद से देशभर में कई डॉक्टरों पर जांच जारी है। लखनऊ से लेकर कश्मीर तक छापेमारी और पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि ये सभी डॉक्टर एक साथ इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। इस ब्लास्ट में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है और पुलिस अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है।