बॉलीवुड के रोमांटिक-ड्रामा जॉनर की चर्चित फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल अब नए अंदाज में दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। डायरेक्टर होमी अदजानिया की फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन लीड रोल में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर से साफ है कि इस बार कहानी एक इमोशनल लव ट्रायंगल के इर्द-गिर्द घूमेगी, जहां दोस्ती, प्यार और दिल टूटने के कई रंग देखने को मिलेंगे। ट्रेलर की शुरुआत तीनों किरदारों की गहरी दोस्ती से होती है, लेकिन जल्द ही शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना की दोस्ती प्यार में बदल जाती है। वहीं, कृति सेनन भी शाहिद से प्यार करने लगती हैं, जिसके बाद रिश्तों में उलझन और भावनात्मक टकराव शुरू हो जाता है। ट्रेलर में कई भावुक संवाद और हार्टब्रेक के दृश्य दर्शकों का ध्यान खींचते हैं।
फिल्म के संवाद भी चर्चा में हैं। शाहिद कपूर प्यार और दोस्ती पर कहते नजर आते हैं, “प्यार उस फटी हुई टी-शर्ट की तरह है, जिसमें हम हर रात सुकून से सोते हैं।” वहीं कृति सेनन का संवाद, “सब अपनी-अपनी एक्सपायरी डेट के साथ आते हैं और एक्सपायरी डेट के बाद तो दवा भी जहर बन जाती है,” ट्रेलर का सबसे प्रभावशाली पल बनकर उभरता है। ट्रेलर में साल 2012 की सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ के लोकप्रिय गीत ‘तुम ही हो बंधु’ की झलक भी देखने को मिलती है, जो दर्शकों के लिए नॉस्टैल्जिया का तड़का जोड़ती है। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को दिनेश विजान, लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है, जबकि संगीत प्रीतम ने दिया है। ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।









