छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के श्रमिकों को डिजिटल सुविधा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘e-श्रम साथी’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में श्रम विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान इस ऐप की शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य मजदूरों को रोजगार के अवसर, सरकारी योजनाओं और अन्य श्रमिक हितकारी सेवाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें घर बैठे सुविधाओं का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रमिकों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए औद्योगिक इकाइयों में तकनीक आधारित औचक निरीक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का वास्तविक लाभ तभी माना जाएगा जब वह जमीनी स्तर तक पहुंचे और अंतिम व्यक्ति तक उसका प्रभाव दिखाई दे। इसके लिए फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में श्रमिकों के हित में कई अहम सुधार किए गए हैं, जिनमें चार नए लेबर कोड का लागू होना शामिल है। इन नियमों को प्रभावी ढंग से लागू करने की आवश्यकता है ताकि श्रमिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर कार्य वातावरण मिल सके।
बैठक में श्रम विभाग, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम आयुक्त संगठन और विभिन्न कल्याण बोर्डों की गतिविधियों की समीक्षा की गई। साथ ही जिला स्तर पर श्रम कार्यालयों को मजबूत करने और श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने पर भी बल दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, अब तक 33.14 लाख से अधिक श्रमिक भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण मंडल में पंजीकृत हो चुके हैं।









