National

अनिल अंबानी की कंपनियों पर CBI का शिकंजा, मुंबई में एक साथ 17 जगहों पर छापेमारी

केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस एडीए ग्रुप से जुड़ी कंपनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई में 17 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की है। यह कार्रवाई कथित बैंक फ्रॉड और फंड डायवर्जन के गंभीर आरोपों के तहत की गई है।

जांच एजेंसी ने बताया कि यह मामला मुख्य रूप से Reliance Communications, Reliance Commercial Finance Limited और Reliance Home Finance Limited से जुड़ा हुआ है। इन कंपनियों पर आरोप है कि बैंकों से लिए गए कर्ज को निर्धारित उद्देश्यों के बजाय अन्य कंपनियों और खातों में ट्रांसफर किया गया। इस पूरे मामले की शुरुआत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और LIC की शिकायतों के आधार पर हुई, जिसके बाद CBI ने अब तक कुल सात केस दर्ज किए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस कथित घोटाले में लगभग 27,337 करोड़ रुपये के वित्तीय नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

CBI की टीमों ने छापेमारी के दौरान कंपनी के डायरेक्टर्स के आवासों और कई इंटरमीडियरी कंपनियों के दफ्तरों की जांच की। जांच में यह भी सामने आया है कि कई संदिग्ध कंपनियां एक ही पते से संचालित हो रही थीं, जिससे फर्जीवाड़े और मनी ट्रेल छिपाने के संकेत मिले हैं। इससे पहले भी एजेंसी ने 14 स्थानों पर छापेमारी की थी और इस मामले में दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। यह कार्रवाई अनिल अंबानी के कारोबारी नेटवर्क पर चल रही जांच को और तेज करने के रूप में देखी जा रही है।