Jobs

BSF में स्पोर्ट्स कोटा से कॉन्स्टेबल (GD) भर्ती, 27 दिसंबर से आवेदन शुरू

बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) स्पोर्ट्स कोटा के अंतर्गत कॉन्स्टेबल (जीडी) पदों पर भर्ती के लिए जल्द आवेदन प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इस भर्ती का इंतजार कर रहे योग्य खिलाड़ी 27 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट rectt.bsf.gov.in के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं।

चयनित अभ्यर्थियों को पे-लेवल के अनुसार 21,700 रुपये से लेकर 69,100 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 23 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर की जाएगी। एससी/एसटी वर्ग को 5 वर्ष और ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष की छूट दी जाएगी।

शैक्षणिक योग्यता के तहत उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही, अभ्यर्थी ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय या मान्यता प्राप्त चैंपियनशिप में भाग लिया हो और उसका प्रमाण पत्र होना जरूरी है। आवेदन के लिए उम्मीदवारों को वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन करना होगा, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे, आवेदन शुल्क जमा करना होगा और फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखना होगा। यह भर्ती खेल प्रतिभाओं के लिए BSF में शामिल होने का सुनहरा अवसर है।