Tamil Nadu

केरल में बर्ड फ्लू की पुष्टि, नीलगिरी में चिकन और अंडों की बिक्री पर अस्थायी रोक

केरल के कुछ जिलों में एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि के बाद पड़ोसी राज्यों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए तमिलनाडु के नीलगिरी जिला प्रशासन ने केरल से आने वाली मुर्गियों और उनसे जुड़े सभी उत्पादों पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। अलप्पुझा और कोट्टायम जिलों में पोल्ट्री फार्मों में मुर्गियों और बत्तखों की मौत के बाद जांच में भोपाल स्थित प्रयोगशाला द्वारा एच-1 एन-1 एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि हुई, जिसके बाद चिकन, बटेर मांस और अंडों की बिक्री पर रोक लगा दी गई।

बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए नीलगिरी प्रशासन ने केरल सीमा पर 7 और कर्नाटक सीमा पर 1 चेक पोस्ट स्थापित की है, जहां पशु चिकित्सा अधिकारियों की टीमें तैनात हैं। पशु चिकित्सा प्रयोगशालाओं के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। एवियन इन्फ्लूएंजा मुख्य रूप से मुर्गियों, बत्तखों, टर्की और जंगली पक्षियों को प्रभावित करता है और कुछ मामलों में यह इंसानों के लिए भी खतरा बन सकता है।

जिला प्रशासन ने पोल्ट्री किसानों के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए जंगली पक्षियों को फार्म में प्रवेश से रोकने, अलग-अलग पक्षियों को एक साथ न पालने, बाहरी लोगों और वाहनों की एंट्री सीमित करने और उपकरण साझा न करने की सलाह दी है। साथ ही, फार्म की नियमित रूप से कीटाणुनाशक से सफाई करने और असामान्य मौतों की सूचना तुरंत पशु चिकित्सा अधिकारी को देने के निर्देश दिए गए हैं।