National

रेल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव: बिना कैंसिलेशन चार्ज बदल सकेंगे यात्रा की तारीख

भारतीय रेलवे जल्द ही अपनी 40 साल पुरानी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) को पूरी तरह बदलने जा रहा है। 1986 से इस्तेमाल हो रही इस व्यवस्था की जगह अब आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित नया सिस्टम लाया जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से अधिक तेज, स्मार्ट और सुविधाजनक बन जाएगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, नए सिस्टम को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अधिकारियों को अगस्त से ट्रेनों को नए प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। यह बदलाव यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

नए AI आधारित सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यात्री टिकट बुक करते समय ही जान सकेंगे कि उनका वेटिंग टिकट कन्फर्म होने की कितनी संभावना है। AI तकनीक पिछले वर्षों के बुकिंग डेटा, यात्रियों के ट्रेंड और सीट उपलब्धता का विश्लेषण करके अनुमान लगाएगी। रेलवे का दावा है कि यह प्रेडिक्शन करीब 94 प्रतिशत तक सटीक हो सकता है।

इसके अलावा यात्रियों को एक और बड़ी राहत मिलने वाली है। अब कन्फर्म टिकट को रद्द किए बिना यात्रा की तारीख बदलने की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि इस प्रक्रिया में किसी प्रकार का कैंसिलेशन चार्ज नहीं लिया जाएगा, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी।

तत्काल टिकट बुकिंग में पारदर्शिता लाने के लिए रेलवे ने आधार वेरिफिकेशन को भी अनिवार्य करने का फैसला किया है। ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करते समय आधार प्रमाणीकरण जरूरी होगा, जिससे फर्जी बुकिंग और दलालों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। रेलवे का यह नया कदम देश में डिजिटल और स्मार्ट यात्रा व्यवस्था की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।