अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं और वीकेंड पर शहर की भागदौड़ से दूर किसी शांत और खूबसूरत जगह पर जाना चाहते हैं, तो भरतपुर नेशनल पार्क आपके लिए एक परफेक्ट विकल्प है। राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान अपनी रंग-बिरंगी प्रवासी और स्थानीय पक्षियों के लिए प्रसिद्ध है। यह जगह आपको प्रकृति के बीच शांति और सुकून का अनुभव कराती है।
केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान अक्टूबर से मार्च तक सबसे खास होता है, क्योंकि इस दौरान यहाँ प्रवासी पक्षियों की भरमार रहती है। बर्ड वॉचिंग का अनुभव इस समय और भी रोमांचक और यादगार बन जाता है।भरतपुर बर्ड सेंचुरी में साइबेरियन सारस, बार-हेडेड गीज, पेलिकन और पेंटेड स्टार्क जैसे सुंदर प्रवासी पक्षियों को देखा जा सकता है। इसके अलावा अजगर, मॉनिटर लिजार्ड, जंगली बिल्लियाँ, गोल्डन सियार, हिरण, चितल और जंगली सुअर भी यहाँ मिल जाते हैं।
नेशनल पार्क के अलावा भरतपुर में लोहागढ़ किला, बांके बिहारी मंदिर, भरतपुर पैलेस और म्यूजियम, गंगा मंदिर और लक्ष्मण मंदिर जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जगहें भी हैं।दिल्ली से भरतपुर का सफर आसान है। डायरेक्ट ट्रेनें, बस और प्राइवेट कैब के जरिए ढाई घंटे में आप यहाँ पहुँच सकते हैं। सुबह जल्दी निकलना बेहतर रहता है, ताकि पक्षियों को ज्यादा एक्टिव देखकर आनंद लिया जा सके।
भरतपुर नेशनल पार्क वीकेंड गेटअवे के लिए एक शानदार विकल्प है। प्राकृतिक सुंदरता, पक्षियों का दृश्य और ऐतिहासिक स्थल मिलकर यादगार अनुभव प्रदान करते हैं। दिल्ली-NCR से सिर्फ ढाई घंटे की दूरी पर स्थित यह जगह शहर की भागदौड़ से दूर सुकून और आनंद देती है।









