Delhi

बढ़ती महंगाई के खिलाफ सड़कों पर उतरे ऑटो-टैक्सी चालक, दिल्ली में 21 से 23 मई तक हड़ताल का ऐलान

राजधानी Delhi में ऑटो, टैक्सी और अन्य कमर्शियल वाहन चालकों ने 21 से 23 मई तक तीन दिन की हड़ताल का ऐलान किया है। बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों के खिलाफ चालक संगठनों ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए ‘चक्का जाम’ की चेतावनी दी है। यूनियनों का कहना है कि अगर जल्द किराए में बढ़ोतरी नहीं की गई तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने इस संबंध में दिल्ली के उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर अपनी मांगें रखी हैं। चालक संगठनों का कहना है कि लगातार बढ़ रही सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने ड्राइवरों की आर्थिक स्थिति को बेहद कमजोर कर दिया है। उनका दावा है कि मौजूदा किराए में वाहन चलाना घाटे का सौदा बन चुका है और परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है।

चालक शक्ति यूनियन के पदाधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में पिछले करीब 15 वर्षों से टैक्सी और ऑटो किराए में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ, जबकि ईंधन की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं। यूनियन ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार फैसले को टाल रही है और फाइल मंजूरी के नाम पर मामला लंबित रखा गया है।

ड्राइवर संगठनों ने ऐप आधारित कैब कंपनियों पर भी मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कंपनियां यात्रियों से ज्यादा किराया वसूल रही हैं, लेकिन ड्राइवरों को उसका उचित लाभ नहीं मिल रहा। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि एक-दो सप्ताह के भीतर किराया बढ़ाने का नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।