Business

अक्षय तृतीया के बाद सर्राफा बाजार में बड़ी गिरावट, सोना-चांदी के दामों में तेज टूट

अक्षय तृतीया के बाद सर्राफा बाजार में तेजी का रुख अचानक उलट गया और सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। त्योहार से पहले जहां दोनों धातुओं में मजबूती देखी जा रही थी, वहीं सोमवार को बाजार खुलते ही भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला। सुबह के कारोबार में सोने की कीमत लगभग 1,580 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गई, जबकि चांदी में करीब 6,480 रुपये प्रति किलोग्राम की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इस गिरावट के बाद देशभर के प्रमुख बाजारों में दरें बदल गईं। ताजा भाव के अनुसार 22 कैरेट सोना करीब 1,40,553 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जबकि 24 कैरेट सोना लगभग 1,53,330 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। चांदी की कीमत भी गिरकर लगभग 2,52,750 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई है।

वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी कमजोरी का रुख बना रहा। यहां सोना करीब 1.03 प्रतिशत गिरकर 1,53,024 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी में भी 2 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई और यह 2,51,613 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार यूएस कॉमेक्स में भी यही रुझान देखने को मिला। सोना लगभग 1.38 प्रतिशत टूटकर 4,812 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि चांदी 2.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ 79.94 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि त्योहार के बाद मांग में कमी और मुनाफावसूली के चलते यह गिरावट आई है।