National World

FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ शामिल, गिरफ्तारी पर 1 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित

अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भारत के कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। FBI ने उसे अपनी ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड’ अपराधियों की सूची में शामिल कर लिया है। एजेंसी ने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी या उसके ठिकाने से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 लाख अमेरिकी डॉलर यानी करीब 8.5 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ लॉरेंस बिश्नोई के संगठित अपराध गिरोह का अहम सदस्य है और उत्तरी अमेरिका में इस नेटवर्क की गतिविधियों को संचालित करता है। उस पर अमेरिका और कनाडा में हत्या, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली, मानव तस्करी तथा हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

FBI लॉस एंजिल्स के असिस्टेंट डायरेक्टर पैट्रिक ग्रांडी ने कहा कि बराड़ को उसकी कथित हिंसक गतिविधियों और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा होने के कारण मोस्ट वांटेड सूची में जगह दी गई है। एजेंसी का कहना है कि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार करना जरूरी है, ताकि वह आगे किसी वारदात को अंजाम न दे सके। अमेरिकी अदालत ने 1 जुलाई को गोल्डी बराड़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उस पर RICO कानून के तहत आपराधिक साजिश, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोप हैं। FBI के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई का यह करीबी सहयोगी अमेरिका और कनाडा में गिरोह के सदस्यों को आपराधिक गतिविधियों के निर्देश देता था। इस नेटवर्क के सदस्य कई देशों में फैले हुए हैं। एजेंसी ने गोल्डी बराड़ को हथियारबंद और खतरनाक घोषित करते हुए लोगों को उससे दूर रहने की चेतावनी दी है। उसके बारे में जानकारी रखने वालों से स्थानीय FBI कार्यालय या अमेरिकी दूतावास से संपर्क करने की अपील की गई है।