नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान भी हिस्सा ले रहा है। इसी सिलसिले में पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। वह इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने उनका स्वागत किया। इस फोरम में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सदस्य देशों के प्रतिनिधि सभ्यतागत विरासत, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच करीब तीन साल बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर उठाए सवाल
पाकिस्तानी मंत्री के भारत पहुंचने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सवाल उठाते हुए कहा कि मोदी सरकार के निमंत्रण पर भारत पहुंचे मुसादिक मलिक पहले भी देश के खिलाफ धमकी भरे बयान दे चुके हैं। कांग्रेस का आरोप है कि एक तरफ पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है और भारतीय नागरिकों की जान ले रहा है, वहीं दूसरी ओर भारत सरकार पाकिस्तानी मंत्री का स्वागत कर रही है। पार्टी ने इसे देश और देशवासियों के साथ विश्वासघात बताते हुए कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद पर पूरी तरह रोक नहीं लगाता, तब तक उससे किसी तरह की बातचीत नहीं होनी चाहिए।
भारत के खिलाफ दे चुके हैं विवादित बयान
डॉ. मुसादिक मलिक इससे पहले सिंधु जल संधि को लेकर भी भारत के खिलाफ आक्रामक बयान दे चुके हैं। जून में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान के पानी को छूने की कोशिश करने वालों के हाथ काट दिए जाएंगे। गौरतलब है कि मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक सैन्य संघर्ष हुआ था। ऐसे में मलिक का भारत दौरा कूटनीतिक और राजनीतिक दोनों ही दृष्टिकोण से चर्चा का विषय बन गया है।


