तेलंगाना में गिग वर्कर्स की सामाजिक सुरक्षा और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार ने नई योजना की शुरुआत की है। इस मौके पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि अब गिग वर्कर्स अपने मोबाइल फोन के जरिए काम, पूरी की गई राइड और उससे होने वाली कमाई का पूरा ब्यौरा देख सकेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि आज का दौर डेटा का है। 21वीं सदी में गूगल, फेसबुक, व्हाट्सएप और उबर जैसी बड़ी कंपनियां डेटा के आधार पर काम कर रही हैं। देश में लगातार डेटा सेंटर बनाए जा रहे हैं, लेकिन अब तक गिग वर्कर्स को अपने ही काम से संबंधित जानकारी हासिल करने का अधिकार नहीं मिल पा रहा था। नई योजना के तहत उन्हें अपने डेटा तक पहुंचने का अधिकार मिलेगा। उन्होंने बताया कि ‘तेलंगाना गिग वर्कर्स सोशल सिक्योरिटी एंड वेलफेयर स्कीम’ के माध्यम से कामगार यह जान सकेंगे कि उन्होंने कितनी राइड पूरी की हैं और उनके खाते में कितनी कमाई हुई है। यह पूरी जानकारी मोबाइल फोन पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
गिग वर्कर्स के लिए बनेंगे रेस्ट जोन
राहुल गांधी ने गिग वर्कर्स की कामकाजी परिस्थितियों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि डिलीवरी और राइड से जुड़े कर्मचारी तेज धूप में लंबी दूरी तक काम करते हैं, लेकिन उनके पास आराम करने के लिए उचित जगह नहीं होती। इस समस्या को देखते हुए तेलंगाना सरकार हैदराबाद समेत राज्य के दूसरे शहरों में वाई-फाई सुविधा वाले रेस्ट जोन बनाने की तैयारी कर रही है। इन जगहों पर कर्मचारी अपने वाहन पार्क कर सकेंगे और बैठकर आराम करने के साथ जरूरत पड़ने पर सो भी सकेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि गिग वर्कर्स ने बातचीत के दौरान अपनी परेशानियों और मांगों से उन्हें अवगत कराया था। सरकार उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा, सहायता और बेहतर कामकाजी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।


