Sports

वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 15 साल की उम्र में बने T20 क्रिकेट के सबसे युवा कप्तान

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में बड़ा इतिहास रच दिया है। वह पुरुषों के T20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में बिहार की कमान संभालकर यह विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बिहार और सौराष्ट्र के बीच खेले गए मुकाबले में वैभव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने 17 साल और 311 दिन की उम्र में T20 टीम की कप्तानी की थी। भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो इससे पहले यह रिकॉर्ड महिपाल लोमरोर के नाम था। उन्होंने 18 साल और 67 दिन की उम्र में 2018 में राजस्थान की कप्तानी की थी।

हालांकि, कप्तानी के ऐतिहासिक दिन वैभव बल्ले से बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे। सौराष्ट्र के खिलाफ ओपनिंग करने उतरे वैभव 18 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। चेतन सकारिया ने उन्हें अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। वैभव की इस उपलब्धि ने एक बार फिर भारतीय क्रिकेट में उनकी प्रतिभा और कम उम्र में मिली बड़ी जिम्मेदारी को चर्चा में ला दिया है। उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार का कप्तान बनाया गया है। अब सभी की नजरें इस युवा खिलाड़ी के आगामी प्रदर्शन पर रहेंगी।