महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बम धमाके की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा ई-मेल मिला है, जिसमें शहर के कई प्रमुख स्थानों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। धमकी में मुंबई मेयर ऑफिस, महालक्ष्मी रेसकोर्स, बॉम्बे हाई कोर्ट, मुंबई एयरपोर्ट और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ का नाम शामिल है। ई-मेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
धमकी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं और ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही इसके स्रोत का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अब तक किसी भी स्थान से संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है।
गौरतलब है कि मुंबई में इससे पहले भी बॉम्बे हाई कोर्ट और अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। सितंबर 2025 में भी बॉम्बे हाई कोर्ट को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। इसके अलावा हाल के दिनों में अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकियां मिलने के मामले सामने आए थे। फिलहाल पुलिस ताजा ई-मेल की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियों का मुख्य उद्देश्य धमकी की वास्तविकता का पता लगाना और इसके पीछे जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करना है।


