लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को अमेरिकी एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने कैलिफोर्निया में हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वह अमेरिका में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसी ने यह कार्रवाई की है। हैरी बॉक्सर का नाम बॉलीवुड की कई चर्चित हस्तियों को धमकियां देने के मामलों में सामने आ चुका है। उस पर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी, अभिनेता सलमान खान, रणवीर सिंह और कॉमेडियन कपिल शर्मा समेत कई लोगों को धमकाने के आरोप हैं।
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग मामले से जुड़ा नाम
1 फरवरी 2026 की देर रात मुंबई के जुहू स्थित फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंग हुई थी। हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाई थीं। घटना के समय रोहित शेट्टी घर में मौजूद थे, हालांकि किसी के घायल होने की खबर नहीं आई थी। बाद में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी, जिसमें हैरी बॉक्सर समेत कुछ लोगों ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
रणवीर सिंह के मैनेजर से मांगी थी फिरौती
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हैरी बॉक्सर ने अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। इसके अलावा पंजाबी गायक गुरु रंधावा को भी धमकी मिलने का मामला सामने आया था। हैरी बॉक्सर पर हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। इससे पहले अमेरिका में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी हिरासत में लिया जा चुका है। विदेशों में बैठकर भारत में आपराधिक गतिविधियां चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ एजेंसियों की कार्रवाई लगातार जारी है।


