National

राहुल गांधी की दिल्ली रैली में शामिल नहीं होने पर यूथ कांग्रेस का बड़ा एक्शन, 200 से ज्यादा नेता सस्पेंड

इंडियन यूथ कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी INDIA गठबंधन की रैली में शामिल नहीं होने पर देशभर के 200 से ज्यादा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित सदस्यों से उनकी गैरमौजूदगी को लेकर जवाब भी मांगा गया है। सूत्रों के मुताबिक, अनुशासनात्मक समीक्षा पूरी होने के बाद निलंबित सदस्यों की संख्या 500 तक पहुंच सकती है।

मिली जानकारी के अनुसार, अब तक सात राज्यों में कम से कम 185 सदस्यों को निलंबन पत्र जारी किए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा कार्रवाई मध्य प्रदेश में हुई है, जहां 60 सदस्यों पर गाज गिरी है। गुजरात में 49, पश्चिम बंगाल में 26, तेलंगाना में 14, मध्य उत्तर प्रदेश में 13, हिमाचल प्रदेश में 13 और हरियाणा में 10 सदस्यों को निलंबित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद संगठन के भीतर नाराजगी भी सामने आने लगी है। निलंबित नेताओं का कहना है कि वर्षों तक पार्टी के लिए काम करने के बावजूद केवल एक कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है।

यूथ कांग्रेस के महासचिव रहे रोहित राजोरिया को भी पद से हटा दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि वह 15 वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और विरोध प्रदर्शनों के दौरान उनके खिलाफ 15 एफआईआर दर्ज हुईं तथा उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा। राजोरिया के मुताबिक, उन्होंने अपने चाचा की तेरहवीं में शामिल होने के कारण रैली में नहीं पहुंच पाने की जानकारी पहले ही नेतृत्व को दे दी थी। इस कार्रवाई ने यूथ कांग्रेस के अंदर अनुशासन और संगठनात्मक फैसलों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।