बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को धमकी देने के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने दोनों अभिनेताओं को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है, जो पेशे से आईटी इंजीनियर बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे बुधवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिछले कुछ दिनों से मुंबई में रहने वाली कई फिल्मी हस्तियों को निशाना बनाकर धमकी भरे संदेश भेज रहा था। वह कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताता था। रिपोर्ट्स के अनुसार, आयुष्मान खुराना को भेजे गए ऑडियो मैसेज में करोड़ों रुपये की मांग की गई थी। वहीं, तुषार कपूर को भी धमकी भरा संदेश मिला था, जिसमें कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। संदेश भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। हालांकि, शुरुआती जांच में ऑडियो के फर्जी होने की आशंका भी जताई गई थी।
गौरतलब है कि इससे पहले अभिनेता टाइगर श्रॉफ को लेकर भी गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसकी जिम्मेदारी कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया पर ली थी। इस पूरे मामले के बीच सलमान खान को भी लगातार धमकियां मिलती रही हैं। फिलहाल मुंबई पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने किन-किन हस्तियों को धमकी दी थी और क्या उसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है।


