National

जंतर-मंतर पर खत्म हुई आवाजाही की पाबंदी, दिल्ली पुलिस ने हटाए सभी बैरिकेड्स

राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर इलाके में लंबे समय से लगी आवाजाही की पाबंदियों से लोगों को राहत मिल गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के आसपास लगाए गए बैरिकेड्स और अवरोधकों को हटा दिया है। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों की आवाजाही आसान हो गई है।

दरअसल, जंतर-मंतर के आसपास रहने वाले लोग लंबे समय से पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स और रास्तों पर प्रतिबंध को लेकर परेशान थे। उनका कहना था कि इन पाबंदियों के कारण रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे थे। लोगों को अपने घरों तक पहुंचने और आसपास की सड़कों से गुजरने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कुछ स्थानीय निवासियों ने इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा भी खटखटाया था।

गौरतलब है कि गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के बाद 11 अक्टूबर को जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया गया था। दिल्ली पुलिस का मानना है कि यहां लगातार होने वाले प्रदर्शनों से यातायात, सुरक्षा और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होती है। पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट में भी दलील दी है कि सार्वजनिक सड़क को स्थायी प्रदर्शन स्थल नहीं बनाया जाना चाहिए। अब दिल्ली में अधिकृत प्रदर्शनों के लिए रामलीला मैदान, पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान और बुराड़ी मैदान निर्धारित किए गए हैं। जंतर-मंतर दशकों तक देश के कई बड़े राजनीतिक और सामाजिक आंदोलनों का केंद्र रहा है। हालांकि, अब यहां विरोध प्रदर्शनों को लेकर नई व्यवस्था लागू हो गई है।