National

अग्निवीरों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा, 75% जवानों को मिलेगा दो साल का सेवा विस्तार

दिवाली से पहले केंद्र सरकार ने अग्निवीर योजना को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय कैबिनेट ने अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। नए फैसले के मुताबिक, अब 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में सेना में शामिल होने का मौका मिलेगा, जबकि बाकी 75 फीसदी अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा। इस तरह उनकी कुल सेवा अवधि चार साल से बढ़कर छह साल हो जाएगी।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमण्यम ने कैबिनेट के फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि अग्निवीरों के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल जल्द पूरा होने वाला है। इस दौरान उनके प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया गया है और सेना को उनके कामकाज को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। इसी के आधार पर सरकार ने योजना में बदलाव का निर्णय लिया है। CDS के मुताबिक, अब तक अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद 75 फीसदी अग्निवीरों को वापस समाज में लौटना होता था। लेकिन नए प्रावधान के तहत उन्हें दो साल और सेना में सेवा देने का अवसर मिलेगा। इस दौरान उन्हें बढ़ा हुआ वेतन और अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।

सुब्रमण्यम ने बताया कि अतिरिक्त दो साल की सेवा पूरी करने के बाद इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। उनके प्रदर्शन, योग्यता और अन्य निर्धारित मानकों के आधार पर उन्हें सशस्त्र बलों में स्थायी पदों पर नियुक्ति का अवसर दिया जाएगा। गौरतलब है कि अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को हुई थी। सरकार का मानना है कि इस बदलाव से अनुभवी और प्रशिक्षित जवानों को सेना में बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल होने के लिए अतिरिक्त अवसर भी मिलेंगे।