National

हवाई यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी! लगातार चौथे महीने महंगा हुआ ATF, टिकट के दाम बढ़ने के आसार

देश में महंगाई का असर अब हवाई यात्रा पर भी पड़ सकता है। 1 नवंबर 2026 से एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) यानी विमान ईंधन की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में एटीएफ का दाम 137.12 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 138.50 रुपये प्रति लीटर हो गया है। ईंधन की कीमतों में इस इजाफे से एयरलाइन कंपनियों की परिचालन लागत बढ़ सकती है, जिसका असर आने वाले दिनों में हवाई टिकटों पर भी देखने को मिल सकता है।

दरअसल, एयरलाइन कंपनियों के कुल परिचालन खर्च में एटीएफ की हिस्सेदारी करीब 35 से 40 फीसदी होती है। ऐसे में विमान ईंधन महंगा होने से कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ता है। इस अतिरिक्त खर्च की भरपाई के लिए एयरलाइंस फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने या टिकटों के किराये में बदलाव करने का फैसला ले सकती हैं। हालांकि, फिलहाल किराया बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

गौर करने वाली बात यह है कि एटीएफ की कीमतों में लगातार चौथे महीने बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे पहले अक्टूबर में विमान ईंधन करीब 16 रुपये प्रति लीटर महंगा हुआ था। वहीं सितंबर में 6.28 रुपये और अगस्त में करीब 5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण एयरलाइन कंपनियों की लागत पर दबाव बना हुआ है। ऐसे में नवंबर में भी हवाई सफर करने वाले यात्रियों को टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी का सामना करना पड़ सकता है।