त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लग सकता है। 1 अक्टूबर 2026 से एयर कंडीशनर (AC), एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन और अन्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की तैयारी है। प्रमुख कंपनियां अलग-अलग उत्पादों पर करीब 2 से 8 फीसदी तक दाम बढ़ा सकती हैं।
कंपनियों के मुताबिक, तांबा, एल्युमीनियम, स्टील, प्लास्टिक और कच्चे तेल जैसी प्रमुख वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा माल ढुलाई की बढ़ती लागत और पश्चिम एशिया में जारी संकट के चलते मुद्रा विनिमय में उतार-चढ़ाव ने भी कंपनियों की लागत बढ़ाई है। ऐसे में कंपनियों के लिए कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया है।
एसी की कीमतों में करीब 5 से 8 फीसदी तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। वहीं, कुछ कंपनियां एलईडी टीवी और वॉशिंग मशीन जैसे उत्पादों के दाम में 2 से 4 फीसदी तक इजाफा कर सकती हैं। ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स जैसी कंपनियां अलग-अलग श्रेणियों में कीमत बढ़ाने के संकेत दे चुकी हैं।
ब्लू स्टार के प्रबंध निदेशक बी. त्यागराजन के अनुसार, बढ़ती कमोडिटी कीमतों के कारण कंपनी इस साल पहले ही कई बार कीमतों में संशोधन कर चुकी है। गोदरेज एंटरप्राइजेज के कमल नंदी ने भी कहा कि पिछली समीक्षा के बाद कमोडिटी लागत में करीब 8 से 10 फीसदी की वृद्धि हुई है।
वहीं, हायर इंडिया के अध्यक्ष एन.एस. सतीश ने बताया कि कंपनी 1 अक्टूबर से एसी की कीमतों में लगभग 5 फीसदी और एलईडी टीवी व वॉशिंग मशीन के दाम में 2 से 3 फीसदी तक बढ़ोतरी कर सकती है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कच्चे माल की लागत बढ़ती रही तो आने वाले महीनों में कीमतों में और इजाफा संभव है।


