Delhi

दिल्ली में पीएम सूर्य घर योजना का पोर्टल लॉन्च, 2 लाख परिवारों को मिलेगा लाभ

दिल्ली सरकार ने ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत पंजीकरण के लिए पोर्टल लॉन्च कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को पोर्टल का शुभारंभ किया। इस मौके पर ऊर्जा मंत्री आशीष सूद भी मौजूद रहे। सरकार के मुताबिक, योजना के तहत दिल्ली के परिवारों को अपनी छतों पर सोलर पैनल लगवाने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि योजना के तहत तीन किलोवाट तक के सोलर पैनल लगाने के लिए सहायता दी जाएगी। इसके अलावा तीन किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर भी सरकार की ओर से सब्सिडी का प्रावधान रहेगा। आवासीय सोसाइटियों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए भी अलग से सब्सिडी दी जाएगी।

सरकार के अनुसार, दिल्ली में करीब दो लाख परिवारों को ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर योजना का लाभ दिया जाएगा। ऊर्जा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि रूफटॉप सोलर के जरिए लोगों को बिजली की बचत के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी मिल सकता है।

उन्होंने बताया कि सोलर सिस्टम से लाभार्थियों को लगभग 293 रुपये से लेकर 2,400 रुपये तक की संभावित आय हो सकती है और यह लाभ 25 वर्षों तक जारी रहने की बात कही गई है। सरकार का कहना है कि यह पहल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ घरेलू बिजली खर्च कम करने में भी मदद करेगी।