जम्मू स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण व्हाइट नाइट कोर (16 कोर) को 1 अक्टूबर को नया कमांडर मिलेगा। लेफ्टिनेंट जनरल मोहित सेठ इस दिन नगरोटा स्थित कोर मुख्यालय में जीओसी का पदभार संभालेंगे। वह लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा का स्थान लेंगे। कमान हस्तांतरण के अवसर पर बैटन हैंडिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी।
लेफ्टिनेंट जनरल मोहित सेठ फिलहाल भूटान स्थित इंडियन मिलिट्री ट्रेनिंग टीम (IMTRAT) के कमांडेंट के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इससे पहले वह जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों से जुड़ी किलो फोर्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) रह चुके हैं। उन्हें जम्मू-कश्मीर, पूर्वोत्तर और सेना मुख्यालय में विभिन्न महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ जिम्मेदारियों का अनुभव है।
लेफ्टिनेंट जनरल सेठ 1991 में 3 मद्रास रेजिमेंट में कमीशन हुए थे। वह नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) और नेशनल डिफेंस कॉलेज (NDC) के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग में इंडियन आर्मी लाइजन ऑफिसर के रूप में भी कार्य किया है।
व्हाइट नाइट कोर जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा की सुरक्षा के साथ आतंकवाद विरोधी अभियानों की निगरानी करता है। इसके दायरे में जम्मू, राजौरी, पुंछ और डोडा क्षेत्र शामिल हैं। लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा ने अप्रैल 2025 में 16 कोर की कमान संभाली थी और अब नई जिम्मेदारी संभालेंगे।


