भारत में डेंगू के खिलाफ लड़ाई को नई ताकत मिलने वाली है। जापानी दवा कंपनी टेकेडा फार्मास्युटिकल्स की डेंगू वैक्सीन Qdenga को भारत में मार्केटिंग ऑथराइजेशन मिल चुका है। इसके बाद हैदराबाद स्थित डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और टेकेडा ने भारत के प्राइवेट मार्केट में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए साझेदारी की है।
कंपनियों के अनुसार, डॉ. रेड्डीज भारत में Qdenga के प्रमोशन और डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभालेगी। वैक्सीन को बच्चों और वयस्कों के लिए उपलब्ध कराने की योजना है। इसके 2027 की पहली छमाही में भारत में लॉन्च होने की संभावना है। हालांकि, इसकी कीमत को लेकर अभी कोई जानकारी साझा नहीं की गई है।
टेकेडा के इंटरकॉन्टिनेंटल मार्केट्स प्रमुख महेंद्र नायक के मुताबिक, मार्केटिंग मंजूरी जुलाई में मिल गई थी। अब कमर्शियल लॉन्च से पहले जरूरी स्थानीय प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं के पूरा होने से पहले वैक्सीन की कीमत का अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी।
कंपनियों का कहना है कि साझेदारी का उद्देश्य वैक्सीन की उपलब्धता के साथ डेंगू को लेकर जागरूकता बढ़ाना और हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के साथ बेहतर जुड़ाव बनाना है। भविष्य में Qdenga को भारत के पब्लिक इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम में शामिल करना भी एक दीर्घकालिक लक्ष्य बताया गया है। भारत में डेंगू एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है। देश में डेंगू वायरस के चारों प्रमुख सीरोटाइप – DENV-1 से DENV-4 – की मौजूदगी दर्ज की गई है।


