उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले अगले छह महीनों में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 40 करोड़ रुपये की 119 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। साथ ही कल्याण मंडपम् का उद्घाटन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को बिना किसी भेदभाव के रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग में टीजीटी और पीजीटी शिक्षकों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जा चुके हैं और आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उनके अनुसार, विभिन्न विभागों में अन्य भर्तियों की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने 2017 से पहले प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर पिछली सरकारों पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस समय भर्ती में अनियमितताओं और वसूली की शिकायतों के कारण योग्य अभ्यर्थियों को परेशानी होती थी। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में विवाद और अदालतों से लगने वाले स्थगन का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर के रामगढ़ ताल और कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश में अब त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में आयोजित हो रहे हैं और सरकार नागरिकों को सुरक्षित वातावरण देने के लिए काम कर रही है।


