जापान के आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 का आधिकारिक आगाज 19 सितंबर से होगा, लेकिन महिला क्रिकेट प्रतियोगिता इससे पहले 17 सितंबर से शुरू हो जाएगी। क्रिकेट का फाइनल मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा। भारतीय महिला टीम इस बार भी गोल्ड मेडल की दावेदारों में शामिल है। 2023 में चीन के हांगझोउ में हुए एशियन गेम्स में भारत ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। महिला क्रिकेट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 18 सितंबर को जापान के खिलाफ करेगी। यह क्वार्टर फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे से होगा।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का कार्यक्रम:
17 सितंबर: बांग्लादेश बनाम चीन, क्वार्टर फाइनल, सुबह 5:30 बजे
17 सितंबर: पाकिस्तान बनाम थाईलैंड, क्वार्टर फाइनल, सुबह 10:30 बजे
18 सितंबर: श्रीलंका बनाम मलेशिया, क्वार्टर फाइनल, सुबह 5:30 बजे
18 सितंबर: भारत बनाम जापान, क्वार्टर फाइनल, सुबह 10:30 बजे
20 सितंबर: पहला सेमीफाइनल, सुबह 5:30 बजे
20 सितंबर: दूसरा सेमीफाइनल, सुबह 10:30 बजे
22 सितंबर: ब्रॉन्ज मेडल मुकाबला, सुबह 5:30 बजे
22 सितंबर: गोल्ड मेडल मुकाबला (फाइनल), सुबह 10:30 बजे
भारतीय टीम में कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, जी कमलिनी, भारती फूलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव और नंदनी शर्मा शामिल हैं।
टीम के पास बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा संयोजन है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा जैसी सलामी बल्लेबाजों के अलावा दीप्ति शर्मा और श्री चरणी से भी अहम भूमिका की उम्मीद रहेगी। भारतीय टीम एशियन गेम्स में अपने पिछले प्रदर्शन को दोहराने और एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।


