इंडोनेशिया के जावा सागर में खराब मौसम के बीच यात्रियों से भरी एक फेरी के लापता होने से हड़कंप मच गया है। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 97 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि, कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फेरी में कुल 243 लोग सवार थे। लापता हुई फेरी की पहचान Virgo Transport 8 के रूप में हुई है। यह जहाज शनिवार सुबह 10:33 बजे सुराबाया से दक्षिण कालीमंतन के बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था। इसे रविवार दोपहर करीब 2 बजे बंजारमासिन पहुंचना था। लेकिन रविवार तड़के करीब 2 बजे जहाज से संपर्क टूट गया। उस वक्त फेरी बंजारमासिन से लगभग 150 किलोमीटर दक्षिण में थी।
अधिकारियों के मुताबिक, जहाज की ऑपरेटर कंपनी PT Virgo ने सुबह 4:10 बजे पहली बार मदद के लिए सूचना दी। कंपनी ने बताया कि खराब मौसम और समुद्र की ऊंची लहरों के कारण फेरी मुश्किल में फंस गई थी। सूचना मिलते ही इंडोनेशिया की सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी, नौसेना, समुद्री पुलिस और अन्य एजेंसियों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। कई जहाजों के साथ एक हेलिकॉप्टर को भी तलाश अभियान में लगाया गया है। जावा सागर से गुजर रहे दूसरे जहाजों को भी किसी यात्री के नजर आने पर तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे के बाद त्रिसक्ति पोर्ट क्षेत्र में एक ऑपरेशन सेंटर बनाया गया है। वहीं, बंजारमासिन की रहने वाली रुस्मिलावती अपने आठ रिश्तेदारों की जानकारी लेने बंदरगाह पहुंचीं। उनके रिश्तेदार जावा में धार्मिक स्थलों की यात्रा के बाद फेरी से लौट रहे थे। परिवार को आखिरी बार एक रिश्तेदार का WhatsApp स्टेटस मिला था, जिसमें उसने समुद्र की तेज लहरों को लेकर चिंता जताई थी। इंडोनेशिया में 17 हजार से अधिक द्वीप हैं, इसलिए फेरी यहां परिवहन का बेहद अहम साधन हैं। इससे पहले पिछले महीने मदुरा द्वीप के पास एक अन्य फेरी में आग लगने से पांच लोगों की मौत हुई थी।


