National

सिकंदराबाद कैंट से हथियारों की सनसनीखेज चोरी का खुलासा, रिटायर्ड हवलदार गिरफ्तार

हैदराबाद पुलिस ने सिकंदराबाद छावनी के बेहद सुरक्षित सैन्य क्षेत्र में हुई हथियारों की चोरी का खुलासा करते हुए सेना के एक पूर्व हवलदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 37 वर्षीय उप्पुथोल्ला मल्लेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने बोलारम स्थित मद्रास रेजिमेंट की 20वीं बटालियन के कोट और मैगजीन रूम से बड़ी संख्या में हथियार और कारतूस चोरी किए थे।

पुलिस ने बताया कि चोरी किए गए सामान में चार AK-203 राइफलें, एक INSAS राइफल, सात पिस्तौल, उनकी मैगजीन, एक पैसिव नाइट-विज़न दूरबीन और करीब 1,900 राउंड कारतूस शामिल थे। मल्लेश वर्ष 2010 में सेना में भर्ती हुआ था और 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त हुआ था। आरोप है कि उसने 30 और 31 अगस्त की रात वारदात को अंजाम दिया।

तेलंगाना के DGP सीवी आनंद के मुताबिक, मल्लेश यूनिट में दोबारा दाखिल हुआ और मैगजीन लेकर अपने बालाजी नगर स्थित घर पहुंचा। CCTV में उसे सुबह करीब 4:34 बजे घर पहुंचते देखा गया। इसके बाद उसने सामान अपनी सफेद ब्रेजा कार में रखा और एक मंदिर पहुंचकर हथियारों व कारतूस को कार में लोड किया।

पुलिस के अनुसार, मल्लेश अचंपेट की ओर जाते समय अलग-अलग रास्तों से निकला और रास्ते में यात्रियों को भी अपनी कार में बैठाया। उसने सागर रिंग रोड और डिंडी इलाके से यात्रियों को बैठाकर किराया लिया, ताकि उसकी यात्रा सामान्य नजर आए। वह 31 अगस्त को करीब 1:15 बजे अचंपेट पहुंचा।

पुलिस का शक बढ़ने पर मल्लेश ने 6 सितंबर को चोरी का सामान दूसरी जगह छिपा दिया। आखिरकार 10 सितंबर को पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद टास्क फोर्स की टीमों ने चोरी हुए सभी हथियार और अन्य सामान बरामद कर लिया। पुलिस अब चोरी के पीछे के वास्तविक मकसद और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है।