राजधानी दिल्ली के ओखला फेज-1 इलाके में बुधवार को ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए जोरदार धमाके से हड़कंप मच गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को सीएटीएस एंबुलेंस की मदद से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट की सूचना सुबह करीब 11 बजकर 55 मिनट पर मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मोहित सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जयपुर का रहने वाला था और एसएम ट्रेडर्स में काम करता था। बताया जा रहा है कि मोहित पिछले करीब तीन वर्षों से कंपनी से जुड़ा हुआ था। हादसे में उमेश, अरविंद, मनोज और पंकज घायल हुए हैं।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ओखला फेज-1 के डी-23 परिसर को एसएम ट्रेडर्स गोदाम के तौर पर इस्तेमाल कर रही थी। घटना के समय कर्मचारी ऑक्सीजन सिलेंडरों को वाहन से उतारकर गोदाम में ले जा रहे थे। इसी दौरान एक सिलेंडर वाहन से सड़क पर गिर गया और गिरते ही उसमें जोरदार धमाका हो गया। फिलहाल ब्लास्ट के तकनीकी कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित फोरेंसिक एजेंसियां सिलेंडर, वाहन और घटनास्थल की जांच कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोदाम में सिलेंडरों के भंडारण और परिवहन के लिए जरूरी अनुमति और लाइसेंस मौजूद थे या नहीं। बताया जा रहा है कि यहां रोजाना बड़ी संख्या में ऑक्सीजन सिलेंडरों की सप्लाई होती थी। पुलिस अब सप्लायर से लेकर पूरी सप्लाई चेन और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।


