National

चीन की आर्थिक नीतियों पर यूरोप सख्त, बेल्जियम PM बोले- भारत ने पहले ही दी थी चेतावनी

भारत दौरे पर आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने चीन की आर्थिक नीतियों को लेकर यूरोप की बदलती सोच का संकेत दिया है। नई दिल्ली में CII के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यूरोप को अब चीन पर जरूरत से ज्यादा आर्थिक निर्भरता का नुकसान समझ में आ रहा है। उन्होंने माना कि भारत ने इस खतरे को यूरोप से काफी पहले पहचान लिया था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरोपीय देशों को आगाह भी किया था, लेकिन उस समय उनकी चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया। डी वेवर के मुताबिक, लंबे समय तक यूरोप ने कम कीमत वाले विदेशी उत्पादों को अपने बाजार में प्रवेश करने दिया। इससे यूरोपीय उद्योगों पर दबाव बढ़ा और कई क्षेत्रों में बाहरी आपूर्ति पर निर्भरता मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि जरूरत से अधिक उत्पादन वाले सामानों की कम कीमत पर बाजार में पहुंच ने यूरोप के औद्योगिक आधार को कमजोर किया। अब यूरोप इस निर्भरता को रणनीतिक जोखिम के तौर पर देख रहा है।

बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत को यूरोप के लिए सबसे अहम साझेदारों में शामिल बताते हुए कहा कि बदलते वैश्विक माहौल में भरोसेमंद देशों के साथ संबंध मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बेल्जियम भारत के साथ आर्थिक और राजनीतिक रिश्तों को नई ऊंचाई देने के साथ रणनीतिक सहयोग भी बढ़ाना चाहता है। रक्षा क्षेत्र में भी दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डी वेवर की बातचीत के दौरान रक्षा उद्योग से जुड़े कई समझौतों को अंतिम रूप दिया गया। इनमें भारत में सैन्य उपकरणों और रॉकेट के संयुक्त उत्पादन, सैन्य प्रशिक्षण, आदान-प्रदान तथा खुफिया सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। भारत ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को द्विपक्षीय संबंधों का महत्वपूर्ण आधार बताया है।