National

पैक्ड फूड पर लगेगा लाल ‘वार्निंग’ निशान, ज्यादा चीनी-नमक और फैट वाले उत्पाद होंगे चिन्हित

पैक्ड फूड खरीदने वाले उपभोक्ताओं को जल्द ही पैकेट के सामने लाल रंग का चेतावनी लेबल दिखाई दे सकता है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले खाद्य उत्पादों के लिए फ्रंट-ऑफ-पैक (FoP) वार्निंग लेबल लागू करने का प्रस्ताव सुप्रीम कोर्ट के सामने रखा है। FSSAI ने यह प्रस्ताव एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान दाखिल हलफनामे में दिया है। प्रस्ताव के अनुसार, शुरुआती चरण में ऐसे उत्पादों पर लाल रंग का षट्कोणीय निशान लगाया जाएगा, जिनमें तय सीमा से अधिक मात्रा में दो या उससे ज्यादा चिंताजनक पोषक तत्व मौजूद होंगे। इनमें एडेड चीनी, एडेड सैचुरेटेड फैट और नमक शामिल हैं।

लेबल पर उत्पाद के अनुसार ‘ज्यादा चीनी’, ‘ज्यादा नमक’ या ‘ज्यादा फैट’ जैसी स्पष्ट चेतावनी दी जाएगी। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को खरीदारी से पहले पोषण संबंधी जोखिम समझने में मदद करना है। चेतावनी का फॉन्ट पीछे दिए गए न्यूट्रिशन लेबल से बड़ा रखने का भी प्रस्ताव है। FSSAI ने नियमों को दो चरणों में लागू करने की योजना बताई है। दूसरे चरण में एक भी निर्धारित पोषक तत्व तय सीमा से अधिक होने पर चेतावनी लागू हो सकती है। हालांकि, घी, तेल, नमक, चीनी, गुड़ और शहद जैसे एकल सामग्री वाले उत्पाद प्रस्तावित FoP नियम के दायरे से बाहर रहेंगे।