National

भारत-चीन सीमा विवाद: 25वीं वार्ता में आठ अहम मुद्दों पर बनी सहमति

भारत और चीन के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाने और सीमा पर तनाव कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। दोनों देशों के विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं बैठक में सीमा शांति, सीमा निर्धारण और बॉर्डर मैनेजमेंट समेत आठ प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनी। भारत की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन की तरफ से विदेश मंत्री वांग यी ने वार्ता में हिस्सा लिया। बैठक में दोनों देशों ने सीमा क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर माहौल देने पर जोर दिया। सीमा विवाद के समाधान के लिए 2005 के राजनीतिक मानकों और मार्गदर्शक सिद्धांतों के आधार पर निष्पक्ष, उचित और दोनों पक्षों को स्वीकार्य समाधान तलाशने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

सीमा निर्धारण और प्रबंधन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए Expert Group और WMCC के तहत Working Group अपनी चर्चाएं तेज करेंगे। LAC पर किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए सैन्य और कूटनीतिक स्तर के मौजूदा तंत्रों का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि गलतफहमी और गलत आकलन से बचा जा सके। बॉर्डर मैनेजमेंट को मजबूत करने के लिए दो अतिरिक्त सैन्य बैठक बिंदु और Eastern तथा Middle Sectors में दो नई सैन्य हॉटलाइन स्थापित करने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए भारतीय श्रद्धालुओं के बैच बढ़ाने के प्रयासों का स्वागत किया गया और तीन निर्धारित सीमा व्यापार बिंदुओं को फिर खोलने की सराहना हुई। सीमा-पार नदियों से जुड़े मुद्दों पर सितंबर 2026 में विशेषज्ञ स्तर की बैठक होगी। वहीं, 26वीं विशेष प्रतिनिधि वार्ता 2027 में भारत में आयोजित की जाएगी।