National

एयर इंडिया के दो और पायलट शुरुआती ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव, फाइनल रिपोर्ट का इंतजार

एयर इंडिया के लिए मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। फुकेत-दिल्ली उड़ान में टर्बुलेंस की घटना के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने पायलटों की ड्रग टेस्टिंग तेज कर दी है। इसी अभियान के दौरान दो और पायलट शुरुआती जांच में ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं। हालांकि, दोनों की फाइनल टेस्ट रिपोर्ट अभी आना बाकी है। रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को फ्लाइट ड्यूटी से हटा दिया गया है और उनका रोस्टर रोक दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अब तक एयर इंडिया के 300 से अधिक पायलटों की ड्रग स्क्रीनिंग की जा चुकी है। शुरुआती जांच में पॉजिटिव पाए गए दोनों पायलटों की अंतिम रिपोर्ट आने में 24 से 48 घंटे या उससे अधिक समय लग सकता है। फाइनल रिपोर्ट के आधार पर ही तय किया जाएगा कि उनके खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।

यह व्यापक जांच 4 अगस्त को हुई फुकेत-दिल्ली फ्लाइट AI2379 की घटना के बाद शुरू की गई। एयरबस A320 विमान टर्बुलेंस की वजह से अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था। इस घटना में 24 लोग घायल हुए थे। विमान में चालक दल समेत कुल 145 लोग सवार थे। घटना के बाद विमान के मुख्य पायलट की जांच में मारिजुआना के सेवन की पुष्टि हुई थी।

इसके बाद दोनों एयरलाइंस ने अपने सभी पायलटों की साइकोएक्टिव पदार्थों और नियमों के तहत प्रतिबंधित दवाओं को लेकर अतिरिक्त जांच कराने का फैसला किया। यह जांच नियमित विमानन नियमों से आगे बढ़कर एहतियाती कदम के तौर पर की जा रही है। एयरलाइंस के करीब 5,000 से अधिक पायलटों की इस प्रक्रिया के तहत जांच की जानी है। टेस्टिंग ट्रेनिंग सेंटर, फ्लाइट के बाद ब्रीफिंग सेंटर, एयरलाइन कार्यालयों और संबंधित बेस पर की जा रही है। इसका उद्देश्य उड़ान सुरक्षा को मजबूत करने के साथ यात्रियों और आम लोगों का भरोसा बनाए रखना है।