फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है और एक बार फिर कालीन भैया, मुन्ना और गुड्डू पंडित की दुनिया में सत्ता, डर और बाहुबल की जंग देखने को मिल रही है। ट्रेलर में पंकज त्रिपाठी अपने दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं, जबकि दिव्येंदु शर्मा और अली फजल भी अपने पुराने किरदारों के साथ वापसी कर रहे हैं। इस बार कहानी में रवि किशन और जितेंद्र कुमार की एंट्री ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
ट्रेलर से संकेत मिलता है कि रवि किशन का किरदार भी मिर्जापुर की गद्दी पर नजर रखे हुए है और कालीन भैया से उसकी सीधी टक्कर देखने को मिल सकती है। वहीं जितेंद्र कुमार बबलू पंडित के किरदार में नजर आएंगे, जबकि विक्रांत मैसी इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना होगा कि वेब सीरीज की तरह यह फिल्म भी दर्शकों पर अपना वही ‘भौकाल’ कायम रख पाती है या नहीं।


