फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की A320 फ्लाइट में 4 अगस्त को हुई गंभीर टर्बुलेंस की घटना के बाद मामले में नया मोड़ सामने आया है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि घटना के बाद कराए गए डोप टेस्ट में विमान के कप्तान का साइकोएक्टिव सब्सटेंस के लिए टेस्ट कथित तौर पर पॉजिटिव आया है। हालांकि, एयर इंडिया ने इस दावे की पुष्टि या खंडन नहीं किया है।
फ्लाइट में कुल 145 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे। ओडिशा के पास उड़ान के दौरान विमान अचानक तेज टर्बुलेंस में फंस गया और करीब 300 फीट नीचे आ गया। दिल्ली पहुंचने के बाद 17 यात्रियों और चार क्रू सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना के बाद दोनों पायलटों को फिलहाल फ्लाइंग ड्यूटी से हटा दिया गया है। एयर इंडिया के अनुसार, क्रू सदस्यों का सिविल एविएशन नियमों के तहत नियमित डोप टेस्ट किया जाता है। इस मामले में भी टेस्ट हुआ था, लेकिन रिपोर्ट अभी एयरलाइन को उपलब्ध नहीं कराई गई है।
वहीं, DGCA पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। जांच में टर्बुलेंस से निपटने में पायलटों की कार्रवाई, मौसम की स्थिति और विमान को हुए संभावित तकनीकी नुकसान की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांचा जा रहा है कि घटना के बाद विमान को दिल्ली ले जाना उचित था या उसे वाराणसी अथवा लखनऊ जैसे नजदीकी एयरपोर्ट पर उतारना बेहतर विकल्प होता।


