Himachal

हिमाचल: जल शक्ति विभाग में पैरा पंप ऑपरेटर समेत कई पदों पर भर्ती, जल्द करें आवेदन

हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए जल शक्ति विभाग ने रोजगार का अवसर उपलब्ध कराया है। विभाग ने प्रदेशभर में पेयजल और सिंचाई योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए पैरा पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थियों से संबंधित जल शक्ति मंडल कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन मांगे गए हैं।

इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिदिन छह घंटे सेवाएं देनी होंगी। पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर को 7,100 रुपये प्रतिमाह, जबकि पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं को 6,000 रुपये मासिक मानदेय दिया जाएगा। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है।

पैरा पंप ऑपरेटर और पैरा फिटर पदों के लिए अभ्यर्थी का 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई या मान्यता प्राप्त कौशल विकास प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र होना चाहिए। वहीं, पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आठवीं पास रखी गई है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 10 अंकों की मूल्यांकन प्रणाली अपनाई गई है। पैरा पंप ऑपरेटर और फिटर के लिए 10वीं के अंकों, बीपीएल श्रेणी, संबंधित कार्य अनुभव तथा कौशल एवं शारीरिक परीक्षण के आधार पर अंक दिए जाएंगे। वहीं, पैरा बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के चयन में आठवीं के अंक, अनुभव और शारीरिक परीक्षण को आधार बनाया जाएगा।

कौशल परीक्षण के दौरान तकनीकी दक्षता की भी जांच होगी। पैरा पंप ऑपरेटर से मोटर, पंप और विद्युत संबंधी सामान्य खराबियों की जानकारी, जबकि पैरा फिटर से पाइपलाइन मरम्मत और फिटिंग कार्य की क्षमता का परीक्षण लिया जाएगा। तीनों पदों के लिए शारीरिक रूप से दुर्गम क्षेत्रों में कार्य करने की क्षमता भी आवश्यक होगी।

आवेदन के साथ बोनाफाइड प्रमाणपत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, आयु प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, आरक्षण एवं बीपीएल प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा अनुभव प्रमाणपत्र जमा करना होगा। कसुम्पटी मंडल में आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त तय की गई है, जबकि अन्य मंडलों में अंतिम तिथि अलग-अलग हो सकती है। चयनित कर्मचारियों के कार्य का हर तीन महीने में मूल्यांकन किया जाएगा और लगातार खराब प्रदर्शन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।