Entertainment National

‘महाप्रभु जगन्नाथ’ फिल्म पर रोक लगाने से SC का इंकार, कहा- ‘तब तो रामायण-महाभारत पर भी लग जाएगी पाबंदी’

ओडिशा सरकार को एनिमेटेड फिल्म ‘महाप्रभु जगन्नाथ’ की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सर्वोच्च अदालत ने फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगाने से साफ इनकार करते हुए अपने पहले के आदेश को बरकरार रखा है और कहा है कि अदालत को कला और रचनात्मकता के रास्ते में नहीं आना चाहिए। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की बेंच ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि इतनी संवेदनशीलता के आधार पर आदेश दिए जाने लगे, तो हिंदू देवी-देवताओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित रामायण-महाभारत जैसे ग्रंथ, कलाकृतियां, टेलीविजन धारावाहिक और पेंटिंग सब बंद हो जाएंगे।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) द्वारा इस फिल्म को पहले ही प्रमाण पत्र दिया जा चुका है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 17 जुलाई को रथ यात्रा (16 से 27 जुलाई) के मद्देनजर फिल्म की रिलीज पर अस्थायी रोक लगाते हुए इसे 28 जुलाई या उसके बाद रिलीज करने की अनुमति दी थी। हालांकि, ओडिशा सरकार ने इसके खिलाफ याचिका दाखिल कर इस पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। इस फैसले के साथ ही अब फिल्म के सिनेमाघरों में रिलीज होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।