National

NTA में बड़े सुधार की शुरुआत, परीक्षा व्यवस्था संभालेंगे GM स्तर के 4 वरिष्ठ अधिकारी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने देश की परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संस्थागत मजबूती के लिए एजेंसी ने चार जनरल मैनेजर (GM) स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों पर शुरुआती नियुक्ति तीन वर्ष के अनुबंध पर की जाएगी।

नई व्यवस्था के तहत असेसमेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एवं साइकोमेट्रिक्स के जनरल मैनेजर परीक्षा मूल्यांकन, प्रश्न बैंक, नॉर्मलाइजेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित परीक्षा तकनीकों के विकास पर काम करेंगे। वहीं टेस्ट सेंटर नेटवर्क एंड ऑपरेशंस के जनरल मैनेजर देशभर के 500 से अधिक शहरों में परीक्षा केंद्रों की गुणवत्ता, संचालन और सुविधाओं की निगरानी करेंगे।

साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए इन्फॉर्मेशन सिक्योरिटी के जनरल मैनेजर को NTA का चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) बनाया जाएगा। यह अधिकारी एजेंसी के डिजिटल सिस्टम, नेटवर्क और डेटा की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। वहीं विजिलेंस, जांच एवं डिजिटल फॉरेंसिक के जनरल मैनेजर परीक्षा में गड़बड़ी, नकल और साइबर अपराधों की जांच के साथ CBI, IB, ED, पुलिस और साइबर क्राइम एजेंसियों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसके अलावा NTA पहली बार UPSC के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 यंग प्रोफेशनल्स की भी नियुक्ति करेगा। इनमें 12 पद अकादमिक रिसर्च, 2 लीगल रिसर्च और 2 फाइनेंस एंड अकाउंट्स के लिए होंगे। इनकी नियुक्ति 24 महीने के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर 36 महीने तक बढ़ाया जा सकेगा।

यह पहल प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली हाई-लेवल कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप की जा रही है। साथ ही, NTA ने विषय विशेषज्ञों और अनुवादकों की नई पैनलिंग के लिए भी एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) जारी किया है, जिससे भविष्य में परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक विश्वसनीय एवं प्रभावी बनाया जा सके।