परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके की तबीयत बिगड़ गई है। दिपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर बताया कि उन्हें टाइफाइड हो गया है। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि उनकी बीमारी से आंदोलन की दिशा या गति पर कोई असर नहीं पड़ेगा और यह पहले की तरह जारी रहेगा।
वीडियो संदेश में अभिजीत दिपके ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें टाइफाइड होने की पुष्टि की है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उन्हें प्रतिदिन आईवी ड्रिप के जरिए दवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद वह आंदोलन के उद्देश्य से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
दिपके ने देशभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे CJP समर्थकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आंदोलन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने सभी समर्थकों से संयम बनाए रखने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की। उनका कहना है कि यदि आंदोलन इसी तरह शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा, तो सरकार पर आवश्यक कदम उठाने का दबाव बढ़ेगा।
गौरतलब है कि CJP के नेतृत्व में यह आंदोलन प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में सुधार तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चलाया जा रहा है। अभिजीत दिपके ने दोहराया कि आंदोलन अपने घोषित उद्देश्यों की पूर्ति तक जारी रहेगा।


