National

संसद मार्च के बाद CJP के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स में तेज उछाल, 72 घंटे में जुड़े 33 लाख नए यूजर

संसद मार्च के बाद ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या में अचानक बड़ा इजाफा देखने को मिला है। पार्टी के अनुसार, महज तीन दिनों यानी 72 घंटों के भीतर उसके इंस्टाग्राम पेज से 33 लाख से अधिक नए यूजर जुड़े हैं। इस बढ़ोतरी के बाद अकाउंट के कुल फॉलोअर्स की संख्या 2.56 करोड़ (25.6 मिलियन) के पार पहुंच गई है।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 20 जुलाई तक CJP के इंस्टाग्राम पेज पर करीब 2.23 करोड़ फॉलोअर्स थे। इसके बाद संसद मार्च के दौरान और उसके बाद लगातार नए यूजर जुड़ते गए। 20 से 23 जुलाई के बीच करीब 33 लाख नए फॉलोअर्स बढ़े, यानी औसतन हर दिन लगभग 11 लाख लोगों ने अकाउंट को फॉलो किया।

हालांकि, इस तेज वृद्धि को लेकर कुछ साइबर विशेषज्ञों ने सवाल भी उठाए हैं। विशेषज्ञों ने दावा किया है कि अकाउंट की बढ़ती पहुंच में बांग्लादेश, पाकिस्तान और खाड़ी देशों से जुड़े कुछ यूजर अकाउंट्स की मौजूदगी की जांच की जानी चाहिए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर CJP की मौजूदगी में इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स के बीच बड़ा अंतर भी नजर आता है। जहां इंस्टाग्राम पर पार्टी के 2.5 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हैं, वहीं उसके X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर फॉलोअर्स की संख्या करीब 3.48 लाख है। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके के व्यक्तिगत X अकाउंट पर भी इससे अधिक फॉलोअर्स बताए जाते हैं।