National

Flipkart जल्द रखेगी फूड डिलीवरी मार्केट में कदम, Zomato और Swiggy की बढ़ेगी मुश्किलें

ई-कॉमर्स दिग्गज फ्लिपकार्ट अब देश के तेजी से बढ़ते ऑनलाइन फूड डिलीवरी बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है, जिससे जोमैटो और स्विगी के मौजूदा दबदबे को कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद है। फ्लिपकार्ट ग्रुप के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति ने पुष्टि की है कि कंपनी आने वाले कुछ हफ्तों में चुनिंदा स्तर पर इसकी शुरुआत करेगी। शुरुआती चरण में यह सेवा सीमित दायरे में टेस्ट की जाएगी और ग्राहकों से मिलने वाले फीडबैक के आधार पर इसे बेहतर बनाकर बड़े पैमाने पर रोलआउट किया जाएगा।

यह रणनीति कंपनी के क्विक कॉमर्स वेंचर ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स’ जैसी ही होगी, और इसे एक अलग ऐप के साथ-साथ मुख्य फ्लिपकार्ट ऐप पर भी उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, ब्रांडिंग और लॉन्च होने वाले शहरों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों के मुताबिक, फ्लिपकार्ट इस सेगमेंट में सरकार समर्थित ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के साथ इंटीग्रेशन के जरिए एंट्री कर सकती है। वर्तमान में इस सेक्टर में प्रतिस्पर्धा तेजी से बढ़ रही है, जहां हाल ही में रैपिडो ने किफायती दाम और शून्य रेस्टोरेंट कमीशन मॉडल के साथ ‘Ownly’ प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है, जबकि स्विगी ने भी ‘Toing’ नाम से एक नया ऐप पेश किया है।