National

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज, संसद से जंतर-मंतर तक विपक्ष और CJP का विरोध जारी

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को संसद और जंतर-मंतर दोनों जगह विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने संसद परिसर में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री से इस्तीफा देने की मांग कर रहे है वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने जंतर-मंतर पर अपना धरना जारी रखते हुए कहा कि उनकी मांग पूरी होने तक आंदोलन खत्म नहीं होगा।

CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम किसी भी समाधान को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक द्वारा लंबी भूख हड़ताल समाप्त किए जाने से राहत मिली है, क्योंकि उनका स्वास्थ्य चिंता का विषय बन गया था। दिपके ने बताया कि सरकार के साथ प्रस्तावित बैठक किसी तटस्थ स्थान पर हो सकती है, लेकिन संगठन अपनी मुख्य मांग पर कायम रहेगा।

संसद परिसर में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं ने प्रदर्शन कर छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान “हमें न्याय चाहिए” जैसे नारे लगाए गए। विपक्षी नेताओं ने सरकार से मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की।

उधर, लोकसभा और राज्यसभा दोनों में विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल चलाने और बाद में सभी मुद्दों पर चर्चा कराने का आश्वासन दिया, लेकिन लगातार विरोध के चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।