National Uttar Pradesh

चढ़ावा विवाद पर चंपत राय का पहला बयान, बोले- SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद दूंगा जवाब

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले पर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय ने पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। राम भक्तों के नाम लिखे एक पत्र में उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया और कहा कि मामले की SIT की अंतिम जांच रिपोर्ट आने के बाद वह सभी सवालों का विस्तार से जवाब देंगे।

चंपत राय ने अपने पत्र में कहा कि अंतिम रिपोर्ट आने तक उन्होंने मौन रहने का निर्णय लिया है। उनके मुताबिक, चढ़ावा चोरी के मामले में उनके खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं और तरह-तरह की बातें फैलाई जा रही हैं। उन्होंने यह भी लिखा कि वर्ष 1991 में संगठन द्वारा उन्हें अयोध्या भेजा गया था और उनका 45 वर्षों का प्रचारक जीवन पूरी तरह पारदर्शी रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि SIT की रिपोर्ट मूल रूप से गोपनीय थी, लेकिन अब वह सार्वजनिक हो चुकी है। चंपत राय ने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने और अंतिम रिपोर्ट सामने आने के बाद पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने कहा कि उस समय वह आरोपों से जुड़े हर बिंदु पर क्रमवार अपना पक्ष रखेंगे।