WhatsApp अपने करोड़ों यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी अपडेट लेकर आया है। कंपनी ने बहुप्रतीक्षित Username फीचर की घोषणा कर दी है, जिसके जरिए अब यूजर्स बिना अपना मोबाइल नंबर साझा किए भी दूसरों से बातचीत कर सकेंगे। यह नया फीचर साल के अंत तक सभी यूजर्स के लिए चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल कंपनी ने पसंदीदा यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा शुरू कर दी है।
अब तक WhatsApp पर किसी से चैट या कॉल करने के लिए मोबाइल नंबर अनिवार्य था, लेकिन नए अपडेट के बाद आपकी पहचान आपके चुने हुए Username से भी होगी। यदि कोई व्यक्ति पहली बार आपसे संपर्क करता है, तो उसे आपका फोन नंबर दिखाई नहीं देगा। कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर्स की प्राइवेसी को पहले से अधिक सुरक्षित बनाएगा।
WhatsApp के अनुसार, दुनिया भर में उसके तीन अरब से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे में एक ही नाम कई लोगों द्वारा चुने जाने की संभावना को देखते हुए कंपनी ने पहले से यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा शुरू की है। साथ ही, प्रसिद्ध हस्तियों और सार्वजनिक व्यक्तियों के नामों को भी सुरक्षित रखा गया है, ताकि उनका गलत इस्तेमाल न हो सके। यूजरनेम रिजर्व करने के लिए सबसे पहले WhatsApp को लेटेस्ट वर्जन में अपडेट करें। इसके बाद Settings > Account > Username में जाकर अपनी पसंद का नाम चुनें। यदि वह नाम उपलब्ध होगा, तो आप उसे तुरंत रिजर्व कर सकेंगे।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस फीचर में इंस्टाग्राम जैसी सार्वजनिक सर्च लिस्ट नहीं होगी। किसी यूजर से संपर्क करने के लिए उसका सही यूजरनेम पता होना जरूरी होगा। इसके अलावा, एक वैकल्पिक Username Key सुविधा भी दी जाएगी, जिससे यूजर्स यह नियंत्रित कर सकेंगे कि कौन उन्हें मैसेज कर सकता है। जरूरत पड़ने पर यूजर अपना यूजरनेम बदलने या इस फीचर को बंद करने का विकल्प भी चुन सकेंगे।


