Delhi

दिल्ली मेट्रो में डिजिटल टिकटिंग का नया कदम: 12 स्टेशनों पर शुरू हुए सेल्फ सर्विस कियोस्क, WhatsApp पर मिलेगा QR टिकट

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा को और बेहतर बनाने के लिए एक नई डिजिटल पहल शुरू की है। इसके तहत राजधानी के 12 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सेल्फ सर्विस मोबाइल टिकटिंग कियोस्क लगाए गए हैं। इस पायलट प्रोजेक्ट का उद्देश्य टिकट खरीदने की प्रक्रिया को तेज, सरल और पूरी तरह पेपरलेस बनाना है।

इन कियोस्क की मदद से यात्री अब बिना किसी काउंटर पर लाइन लगाए खुद ही डिजिटल QR कोड टिकट प्राप्त कर सकेंगे। टिकट जनरेट होते ही वह सीधे यात्री के WhatsApp नंबर पर भेज दिया जाएगा। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि स्टेशनों पर भीड़ भी कम होगी। DMRC के अनुसार, रोजाना हजारों यात्री पेपर QR टिकट का उपयोग करते हैं, जिससे कागज का अधिक उपयोग और कचरे की समस्या बढ़ती है। नई व्यवस्था से पेपर टिकट की आवश्यकता कम होगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

कियोस्क का उपयोग करना बेहद आसान होगा। यात्री को केवल प्रस्थान स्टेशन पहले से दर्ज मिलेगा, जबकि उन्हें गंतव्य स्टेशन, टिकटों की संख्या और अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद ऑनलाइन भुगतान पूरा करते ही QR टिकट WhatsApp पर उपलब्ध हो जाएगा। इसके अलावा यात्री पहले से ही DMRC Saarthi ऐप, One Delhi, IRCTC ऐप और WhatsApp चैटबॉट के जरिए भी डिजिटल टिकट बुक कर सकते हैं।

वर्तमान में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क लगभग 416 किलोमीटर में फैला हुआ है और 12 लाइनों पर 300 से अधिक स्टेशन संचालित हो रहे हैं। यह नेटवर्क दिल्ली-NCR के कई शहरों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद तक पहुंच चुका है। इस नई पहल के जरिए DMRC का लक्ष्य है कि मेट्रो यात्रा को पूरी तरह डिजिटल, तेज और पर्यावरण-अनुकूल बनाया जाए।